
गुजरात चुनाव
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। इस बार भारतीय जनता पार्टी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में भाजपा के 156 प्रत्याशी चुनाव जीत गए। कांग्रेस को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। कांग्रेस 77 सीटों से सीधे 17 पर आ गई। मतलब कांग्रेस को 60 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा। वहीं, इस बार सरकार बनाने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी के केवल पांच प्रत्याशी ही चुनाव जीत पाए। एक सीट पर सपा उम्मीदवार विजयी हुए तो बाकी तीन सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीतीं।
नर्मदा जिले की नंदोद विधानसभा सीट पर भाजपा की डॉ. दर्शना ने कांग्रेस के हरेशभाई वसावा को 28,202 वोटों से हरा दिया। भाजपा उम्मीदवार को 70,543 वोट जबकि कांग्रेस को यहां 42,341 वोट मिले। तीसरे नंबर पर निर्दलीय प्रत्याशी हर्षदभाई वसावा रहे। हर्षदभाई वसावा को 35,362 वोट मिले जो कुल वोट का 19.92 फीसदी रहा। आप और बीटीपी उम्मीदवार की जमानत जब्त हो गई। वहीं, नोटा को 3,104 वोट मिले।
2017 में कांग्रेस को मिली थी जीत
नंदोद सीट पर 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जीत मिली थी। इस चुनाव में कांग्रेस ने प्रेम सिंहभाई वसावा को अपना उम्मीदवार बनाया था। वसावा ने भाजपा के शब्दशरण भाईलालभाई तड़वी को 6,329 वोटों से हराया था। यहां कुल सात उम्मीदवार मैदान में थे। इन दोनों के अलावा बाकी पांच उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी। 2012 में इस सीट से भाजपा के शब्दशरण तड़वी जीते थे। 2008 में हुए परिसीमन के बाद यह सीट दोबारा अस्तिव में आई है। इससे पहले 1962, 1967 और 1972 में यहां से कांग्रेस को जीत मिली थी।