फरवरी में इस सीजन का सबसे गर्म दिन
-अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ
-बीते साल का टूटा रिकॉर्ड, वर्ष 2022 में 19 फरवरी को 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था तापमान
-मंगलवार व बुधवार को 20-30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में सोमवार का दिन बीते साल के मुकाबले में फरवरी का सबसे अधिक गर्म रहा। सफदरजंग मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो कि सामान्य से छ: डिग्री अधिक है। तापमान ने बीते साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वर्ष 2022 में छ: फरवरी को सबसे अधिक 28.4 अधिकतम तापमान दर्ज हुआ था। जबकि ऑल टाइम रिकॉर्ड 2006 में 26 फरवरी का है जब तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
दिल्ली में जिस तरह से तापमान लगातार बढ़ रहा है उससे सर्दी की विदाई हो गई है। अब दिन के समय तेज धूप परेशान कर रही है, केवल सुबह शाम की ही ठंड बची है। आसमान साफ रहने से धूप निकल रही है और तापमान बढ़ रहा है। सोमवार को पीतमपुरा केंद्र में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान भी 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा। नजफगढ़ इलाके में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री रहने के साथ-साथ न्यूनतम तापमान भी 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार सात और आठ फरवरी को तेज ठंडी हवाओं की वजह से तापमान बढ़ने का सिलसिला थमेगा। इन दो दिनों के दौरान हवाओं की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रह सकती है। अधिकतम तापमान 25-27 और न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री के आसपास रह सकता है। 11 फरवरी को एक बार फिर से तेज सतही हवाएं चलेंगी। इसके कारण 12 फरवरी को अधिकतम तापमान लुढ़क कर 23 डिग्री पहुंच जाएगा। वहीं, न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास दर्ज होगा।